नमस्कार,
आप देख रहे हैं भारत के चैनलों के मुख्य समाचार
आपको दिखाने वाले हैं ख़बरें असरदार
कहीं जाइएगा नहीं, मेरा मतलब दूसरे चैनल पर
क्योंकि बस कुछ ही देर में आने वाली हैं ख़बरें मसालेदार
हम ही हैं यहां के न्यायापालिका और सरकार।
आने वाली है होली, न कीजिए पानी की बौझार
जब आए दिवाली तो न खाइए खोया-मावा
क्योंकि हम लगवाएंगे आपके लिए ''डेयरी मिल्क के गिफ्ट पैक'' का बाज़ार
हम अभी लौट कर आते हैं, बने रहिए हमारे साथ
क्योंकि हम ही सबसे ज्यादा समझदार।
न्यायपालिका ने ज़रूर बंद किया
लेकिन आज भी हम लगाते ''निर्मल दरबार''
हम ही हैं भारत के सर्वे-सर्वा
तभी तो कराते चुनावों में चमत्कार
जिसको हराना है हरा देंगे, जिसको जिताना है जिता देंगे
क्योंकि पोल-सर्वे सब होता हमारे ही घर-द्वार
तभी तो लोकतंत्र में होता चमत्कार
जनता चाहे न चाहे, पर हम ही बनाते चुनावी हवा
फिर बनती मनमाफिक सरकार॥
ख़शी हो, पर्व हो या हो त्यौहार
हर टाइम मौज़ूद हैं नकारात्मक समाचार
सब कुछ बिकता यहां धन-दौलत से
यहां कोई नहीं तलबग़ार- मददग़ार
खुलेआम देखिए बेशर्मी, नंगई और व्यभिचार
हमसे उम्मीद न कीजिए अच्छे विचार।
एक बार फिर आपको नमस्कार
अपराध, क्रिकेट, राजनीति और बॉलीबुड पर टिका हमारा बाज़ार
यही से चलता सटोरियों का सट्टा और सेक्स का व्यापार
जान लीजिए यहीं से तैयार होते हमारे समाचार॥
गर हम अंदरख़ाने की बात करें तो
हमारे जगत में ग्लैमर अपरंपार
निष्पक्षता, ईमानदारी, शुचिता जैसी बातें
हम बेच चुके कईयों बार,
मसाला, गॉशिप, सेक्सी ख़बरें देना ज़रूरी
क्योंकि ऐसे ही चलता हमारा ख़बरी संसार॥
देर रात देखिए हमारे समाचार
तो 'संधि-सुधा तेल' के साथ पाइए 'चायनीज़ बाज़ार'
आपकी सेहत बिगड़े या सुधरे
भई, अपना तो चोखा व्यापार
अगर ख़बरें कतिपय कारणों से कम हों तो
तैयार रहता हमेशा पेड न्यूज़ का बाज़ार
कोई हमको क्या सिखाए और हमसे क्या कहे
क्योंकि हम ही यहां के न्यायपालिका और सरकार॥
- नीरज (स्वतंत्र अभिव्यक्ति)
.jpg)

No comments:
Post a Comment